जिला मुख्यालय से 17 किमी दूर लाटाबोड़-चारवाही-भें गारी मार्ग पर स्थित ग्राम बोरी (लाटाबोड़) सेमरिया नाले पर पुल निर्माण के लिए आखिरकार शासन ने 3 करोड़ 11 लाख 86 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। इसमें भू-अर्जन की राशि भी शामिल है। जिसकी पुष्टि सोमवार को सेतु विभाग ने की है। इस संबंध में छग शासन, लोक निर्माण विभाग के उप सचिव एसएन श्रीवास्तव ने मुख्य इंजीनियर रायपुर को पत्र भेजकर जरूरी कार्यवाही करने निर्देश दिए हैं।
हालांकि काम अगले साल शुरू होने का अनुमान है क्योंकि विभागीय अफसर, इंजीनियर के अनुसार तकनीकी स्वीकृति, टेंडर प्रोसेस, निर्माण एजेंसी तय करने में 6 माह लग सकता हैं। वर्तमान में सेमरिया नाले से गुजरने के दौरान लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वजह यह है कि एप्रोच रोड बह गई है। हालांकि अभी बारिश नहीं होने से बाढ़ की स्थिति नहीं है इसलिए लोग आना-जाना कर रहे हैं। इस मानसून सीजन कई बार बाढ़ आने की वजह से एप्रोच रोड बह चुकी है। पिछले माह मुरुम डालकर समतलीकरण किया गया था। लेकिन बारिश होने के बाद स्थिति जस की तस हो गई।
पुल बनने से 25 गांवों के लोगों को राहत मिलेगी वर्तमान में सेमरिया नाला में साइकिल, दोपहिया वाहन सवार लोग ही आना-जाना कर रहे हैं। चारपहिया वाहन में सवार लोगों को नाला पार करने के लिए अभी इंतजार करना ही पड़ेगा। ग्रामीणों के अनुसार अच्छी बारिश होने से बाढ़ आने पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो जाएगी। वर्तमान में ग्राम हल्दी, बैलोदी, भेंगारी, चारवाही, पीपरछेड़ी, सोहतरा, भुसरेंगा, ढाबाडीह, पसौद, बोरी, खपरी, परसाही, निपानी, सोहपुर सहित 25 गांव के लोग प्रभावित हो रहे हैं। पुल बनने से सुविधा होगी।









