बुधवार को नगर पालिका कार्यालय में सामान्य सभा की बैठक हुई। जहां सत्ता व विपक्ष के पार्षदों की मौजूदगी में नपाध्यक्ष विकास चोपड़ा ने 2023-24 का बजट पेश किया। इस बार भी जल, संपत्ति, समेकित सहित अन्य टैक्स नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस तरह लगातार 8वे साल शहरवासियों को राहत दी गई है। टैक्स नहीं बढ़ेगा, इस संबंध में दैनिक भास्कर ने 15 फरवरी को ही खबर प्रकाशित की थी। जिस पर नपाध्यक्ष, पीआईसी मेंबर यानी पार्षदों और सीएमओ ने आज मुहर लगाई। इस बार 30 करोड़ 83 लाख 75 हजार रुपए आय और 30 करोड़ 82 लाख 34 हजार व्यय का बजट पेश किया गया है। इस हिसाब से नपा की बचत सिर्फ 1.41 लाख रहेगी। वहीं भाजपा के वरिष्ठ पार्षद कमलेश सोनी ने कहा कि खानापूर्ति करने सामान्य सभा में बजट पेश किया गया है। यह 5 माह पहले हो जाना चाहिए था। बजट पेश करना मजबूरी रही होगी इसलिए सीएमओ की अनुपस्थिति में किया गया। बजट में कुछ खास नहीं है। खेल प्रोत्साहन, खेल मैदान आदि की सिर्फ घोषणाएं ही हुई। भास्कर ने 15 फरवरी को जो बताया वही बजट में भी…
अर्बन इंडस्ट्रियल पार्क- एनएच 930 बालोद-दल्लीराजहरा मार्ग में जेल के सामने अर्बन इंडस्ट्रियल पार्क बनेगा। शहरी क्षेत्र के लोगों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से पार्क बनाने का निर्णय लिया गया है। नवीन नगर पालिका कार्यालय- शासकीय कन्या उमावि नयापारा के बगल नपा के पुराने भवन को तोड़कर नया सर्वसुविधायुक्त बनाने की योजना है। खेल मैदान व प्रोत्साहन- खिलाड़ियों को प्रोत्साहन व खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काम होगा। उद्यान निर्माण व उनका विकास- शहर में हरियाली बिखेरने के उद्देश्य से उद्यान निर्माण होगा। पुराने गार्डन का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। भोजली घाट निर्माण- धार्मिक आस्था से जुड़ी गतिविधियों के लिए भोजली घाट निर्माण किया जाएगा। पानी टंकी निर्माण, पेयजल सुविधा विस्तार- गर्मी में पेयजल संकट से कुंदरूपारा, आमापारा सहित अन्य वार्ड के लोग न जूझें। इसलिए नई टंकी बनेगी। रोड़, नाली, पुलिया निर्माण- घरों से निकलने व बारिश के दौरान सड़क में बहने वाली पानी के निकासी के लिए नाली, पुलिया निर्माण होगा। सीसी व डामरीकृत रोड़ भी बनेगा। स्वच्छता वाहन की व्यवस्था- शहर को साफ, स्वच्छ, सुंदर बनाने के उद्देश्य से कार्ययोजना अनुसार डोर टू डोर कचरा कलेक्शन पर जोर दिया जाएगा। वहीं स्वच्छता से संबंधित कई काम होंगे।









