बिलासपुर की सभी 6 विधानसभा में कांग्रेस संकल्प शिविर का आयोजन करने जा रही है। यह आयोजन 28 और 29 अगस्त को होगा। इसकी तैयारी के लिए गुरुवार को बैठक भी ली गई। शिविर में उम्मीदवारों को जिताने और एकजुटता से काम करने का संकल्प लिया जाएगा।
जिस तरह से दावेदारों ने बड़ी संख्या में आवेदन दिया है, इसके बाद कांग्रेस के बड़े नेता अब पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए अब प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में संकल्प शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने बताया कि पिछले चुनाव में भी कांग्रेस ने सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में संकल्प शिविर का आयोजन किया था। इस बार भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में संकल्प शिविर करने जा रही है। बिलासपुर में 28 अगस्त और 29 अगस्त को जिले के सभी छः विधान सभा मे संकल्प शिविर होगी, जिसमें 28 अगस्त को बिल्हा, तखतपुर और बिलासपुर विधानसभा में आयोजन होगा।
वहीं 29 अगस्त को बेलतरा, मस्तूरी और कोटा विधान सभा में शिविर लगेगा। संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज व प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, सह प्रभारी चन्दन यादव, विजय जांगिड़ विशेष रूप से शामिल होंगे।
कांग्रेस नेताओं ने तैयारी को लेकर बुलाई बैठक
उन्होंने बताया कि यह आयोजन व्यापार विहार स्थित त्रिवेणी सभा भवन में होगा। दोपहर 2 बजे बिलासपुर विधानसभा के संकल्प शिविर में प्रदेश के दिग्गज नेता भी मौजूद रहेंगे। संकल्प शिविर की तैयारी को लेकर गुरुवार को कांग्रेस जनों की बैठक हुई।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडेय की मौजूदगी में आयोजित बैठक में विधायक शैलेश पांडेय, पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, सभापति शेख नजीरुद्दीन, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद साहू, जावेद मेमन मोती थावरानी और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने शिविर की तैयारी को लेकर रायशुमारी की। इसके लिए सभी संगठन पदाधिकारी को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है।
3000 हजार कार्यकर्ता होंगे शामिल, स्थल का लिया जायजा
बैठक के बाद विधायक शैलेश पांडेय की मौजूदगी में संगठन पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल त्रिवेणी भवन का निरीक्षण भी किया। वहीं बेलतरा मस्तूरी तथा कोटा विधानसभा अलग-अलग जगह में संकल्प शिविर की तैयारी की जा रही है।
28 अगस्त को सुबह 11 बजे बिलहा के धान मंडी में बिल्हा विधानसभा के संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। दोपहर दो बजे त्रिवेणी परिसर में बिलासपुर विधानसभा के संकल्प शिविर का आयोजन किया गया है।
अध्यक्ष विजय पांडेय व विधायक शैलेश पांडे ने कहा है कि बिलासपुर विधानसभा में 3000 से अधिक कार्यकर्ता संगठन पदाधिकारी संकल्प शिविर में शामिल होंगे। जिसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। विधायक पांडेय ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से बिलासपुर विधानसभा में कांग्रेस फिर से जीत का परचम लहराएगी।









