उदयपुर में रक्षा बंधन मनाने आ रहे भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ मुंबई से उदयपुर जा रहा था, रास्ते में तेज स्पीड पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में दोनों दोस्तों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि ये युवक उदयपुर जिला मुख्यालय से 67 KM दूर पदराड़ा गांव के रहने वाले थे। हादसा गोगुंदा-सायरा रोड पर पदराड़ा जाते वक्त हुआ।
थाना इंचार्ज शैतान सिंह नाथावत ने बताया कि पदराड़ा गांव निवासी महिपाल सिंह (30) पुत्र भोपाल सिंह राजपूत व गौतम (27) पुत्र नारुलाल तेली शुक्रवार रात बाइक से गोगुंदा से निकले थे। दोनों अपने गांव पदराड़ा जा रहे थे। तेज स्पीड पिकअप के टक्कर मारने पर सड़के पर गिरने के बाद दोनों युवकों की मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने गोगुंदा पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिपाल व गौतम दम तोड़ चुके थे।
पुराने दोस्त थे गौतम-महिपाल
महिपाल सिंह और गौतम में गहरी दोस्ती थी, दोनों रक्षा बंधन पर उदयपुर आ रहे थे। रक्षा बंधन के त्योहार पर गौतम मुंबई से अपने गांव पदराड़ा आया हुआ था। गौतम के आने के बाद से महिपाल उसी के साथ कही भीं आता-जाता था। दोनों शुक्रवार को गोगुंदा गए थे, वापसी में हादसा हो गया।











