कचरा कलेक्शन की गाड़ी पर मां दंतेश्वरी की फोटो

Spread the love

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने वाली नई खरीदी गई गाड़ियों में मां दंतेश्वरी की तस्वीर लगी है। अब इस मामले पर बवाल शुरू हो गया है। भाजपा ने इसे लेकर कांग्रेस की नगर और प्रदेश सरकार को घेरा है। निगम के नेता प्रतिपक्ष संजय पांडेय ने कहा कि सनातन का अपमान करना और सनातनियों की धार्मिक भावनाओं को आहत करना कांग्रेस का काम है। अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दरअसल, नगर निगम के 48 वार्डों में कचरा कलेक्शन करने के लिए 9 गाड़ियों की खरीद की गई है। इन सभी गाड़ियों में छत्तीसगढ़ शासन के लोगो के साथ-साथ बस्तर की आराध्य देवी माता दंतेश्वरी की तस्वीर भी लगी है। नगर निगम के अफसरों ने बताया कि, खरीदी के बाद कचरा कलेक्शन के लिए अब तक इन गाड़ियों का उपयोग नहीं किया गया है। पहले से जो गाड़ियां चल रही है, यदि वे खराब होती तो इन गाड़ियों का इस्तेमाल किया जाता।

मामला हुआ उजागर तो हटाई तस्वीर
मामले के उजागर होने के बाद बुधवार को भाजपा के कार्यकर्ता जमकर हल्ला बोल करने वाले थे। लेकिन, नगर निगम की टीम ने मंगलवार देर रात ही सारी गाड़ियों से माता दंतेश्वरी की तस्वीर को हटा दिया। निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने कहा कि, इसकी जानकारी मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई है। साथ ही वाहन प्रभारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

विपक्ष ने कांग्रेस को घेरा
जगदलपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संजय पांडेय ने कहा कि कांग्रेस लगातार हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। नगर निगम की जिन गाड़ियों में कचरा कलेक्शन किया जाना था उन गाड़ियों में माता दंतेश्वरी की तस्वीर लगाई गई। माता बस्तर की आराध्य देवी हैं। इस तरह का कृत्य नगर निगम की कांग्रेस सरकार कर रही है। कांग्रेस के हाई कमान से लेकर जिले तक के नेता सनातन धर्म का लगातार अपमान करते हुए आ रहे हैं।

 

Author