छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के खिलाफ भाजपा ने रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत की है। आरोप है कि कांग्रेस ने सोशल मीडिया हैंडल में झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाई है। कांग्रेस अध्यक्ष बैज और सोशल मीडिया संयोजक जयवर्धन बिस्सा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया है कि 14 सितंबर को शाम 10 बजकर 17 मिनट पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट की गई। इसमें लिखा था कि, देश के प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ आकर झूठ बोलकर चले गए। छत्तीसगढ़ में जी-20 की बैठक कब हो गई और पीएमओ इंडिया जनता को बताए ऐसा कब हुआ?
आगे भाजपा ने लिखा कि पीआईबी फैक्ट चेक में कांग्रेस की उस पोस्ट को फर्जी बताया गया है। इसके अलावा बैठक 25 जनवरी 2023 को आईआईएम नवा रायपुर छत्तीसगढ़ में आयोजित की गई थी। जिस बैठक में केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
शिकायत में कहा कि इस मामले में पुलिस उचित जांच कर भ्रम पूर्ण मैसेज फैलाने वाले व्यक्ति पर आईटी एक्ट कि धाराओं और IPC की अन्य धाराओं में कार्रवाई करें। ये शिकायत भाजपा के जिला संयोजक विधि प्रकोष्ठ भुवन लाल साहू ने सिविल लाइन पुलिस को सौंपी है। भारतीय जनता पार्टी ने इस शिकायत की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट में शेयर कर दी है।










