नौकरी लगाने के नाम पर डॉक्टर ने ली रिश्वत

Spread the love

सूरजपुर जिले में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगवाने के नाम पर ग्रामीण से रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। पेंडारी स्वास्थ्य केंद्र में जीवनदीप समिति के माध्यम से चल रहे कम्प्यूटर ऑपरेटर भर्ती के लिए RMA नगद रुपए लेते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पेंडारी में जीवनदीप समिति के माध्यम से कम्प्यूटर ऑपरेटर की भर्ती चल रही है। पूरी प्रक्रिया होने के बाद ही अभ्यर्थी की पदस्थापना होनी है। यहां पदस्थ RMA (ग्रामीण चिकित्सा सहायक) डॉ विकास मिंज ने ग्राम पेंडारी के रहने वाले हीरा पैंकरा से उसकी बेटी कशीला पैंकरा की नौकरी लगवाने के नाम पर 1 लाख 20 हजार रुपए ले लिए।

घरवालों ने छिपकर बना लिया RMA का वीडियो

रुपए लेने के लिए RMA खुद ग्रामीण के घर पहुंचा था। समझदारी दिखाते हुए घर के सदस्यों ने रुपए देते समय RMA का छिपकर वीडियो भी बना लिया था। वायरल वीडियो में विकास मिंज द्वारा ये भी कहते साफ सुना जा रहा है कि ‘‘नहीं होगा न तो पैसा वापस हो जाएगा… जैसे कई बार होता है न कि पैसा तो दे दिया, लेकिन पता नहीं होगा कि नहीं होगा।’’ वीडियो में आरएमए विकास मिंज के साथ एक अन्य व्यक्ति नजर आ रहा है, जो ड्रेसर भगवान दास है।

ग्रामीण के घर पहुंचकर आरोपी ने लिया पैसा

वायरल वीडियो में आरएमए डॉ विकास मिंज ग्रामीण के आंगन में कुर्सी पर बैठा है और उसके हाथ में 500-500 रुपए के 2 बंडल और 200 रुपए का एक बंडल है। इस बीच ग्रामीण हीरा पैंकरा और उसकी बेटी कशीला डॉक्टर से कहते हैं कि पूरी कोशिश कीजिएगा कि नौकरी लग ही जाए।

वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश, आरोपी की बर्खास्तगी की मांग

इधर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा है। वे आरोपी डॉक्टर की बर्खास्तगी की मांग कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है। युवती के पिता ने मामले की शिकायत सूरजपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल से भी की है।

पिता ने की कलेक्टर से शिकायत

मामले की शिकायत युवती के पिता हीरा पैंकरा ने सूरजपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल से भी की है। उसने बताया है कि आरएमए द्वारा उसकी बेटी की नौकरी लगाने के नाम पर 1 लाख 20 हजार रुपए के अलावा दारू-मुर्गा भी लिया गया है। उसने बताया कि कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी मात्र 3 हजार रुपए प्रतिमाह की है। उसने ये रुपए कर्ज लेकर दिए हैं।

CMHO ने RMA को जांच के बाद सस्पेंड करने की कही बात

इस मामले में CMHO सूरजपुर डॉ आर एस सिंह ने कहा कि मामला अति गंभीर है। मैं तत्काल मामले की जांच करवाते हुए कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का आदेश देता हूं। यह शर्मसार करने वाली घटना है। किसी भी हालत में ऐसे काम करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर आरएमए को सस्पेंड किया जाएगा।

कलेक्टर ने मामले की जांच कराने की कही बात

सूरजपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि मामला अति संवेदनशील है। मैं तत्काल इसकी जांच के आदेश देता हूं। वहीं बीएमओ डॉ. विजय सिंह ने कहा कि मैं अपने इलाज के लिए बनारस आया हुआ हूं। वायरल वीडियो के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद मैंने आरएमए से फोन पर चर्चा की और उसे फटकारा है। आरएमए ने पैसे लेने की बात स्वीकार की है और इसे पुराना मामला बताया है। वापस आने के बाद मैं आगे की कार्रवाई करूंगा।

 

Author