21 दिन में दूसरी बार छत्तीसगढ़ आएंगे खड़गे

Spread the love

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे गुरुवार को एक बार फिर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। दोपहर 12.30 बजे वे बलौदाबाजार-भाटापारा में होने वाले कांग्रेस के कृषक सह श्रमिक सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान वह कई योजनाओं का शुभारंभ करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। खड़गे का यह 21 दिन में दूसरा और अध्यक्ष बनने के बाद चौथा दौरा होगा।

भाटापारा के ग्राम सुमा में होने वाले इस कार्यक्रम में खड़गे मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना का शुभारंभ करने के साथ ही 266 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इसके अलावा राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में राशि ट्रांसफर करेंगे।

खड़गे का मिनट टू मिनट दौरा

  • कांग्रेस अध्यक्ष हेलीकॉप्टर से सुबह 11.20 बजे रायपुर एयरपोर्ट से बलौदाबाजार रवाना होंगे
  • दोपहर 12.25 बजे सुमाभाठा गांव पहुंचेंगे।
  • 12.30 से 3.15 बजे कृषक श्रमिक सम्मेलन में शामिल होंगे।
  • दोपहर 3.20 बजे सुमाभाठा हेलीपैड से उड़ान भरेंगे।
  • 3.45 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
  • 4.05 बजे रायपुर एयरपोर्ट से कार से सीएम हाउस जाएंगे।
  • 4.25 बजे सीएम हाउस पहुंचेंगे।

एक लाख से अधिक श्रमिकों के आने का दावा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा सहित कांग्रेस का पूरा मंत्रिमंडल, विधायक और सांसद मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि इस सम्मेलन में करीब 1 लाख से अधिक किसान और श्रमिक शामिल होंगे। कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं की एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

हर संभाग को साधने की तैयारी

माना जा रहा है कि खड़गे का दौरा संभागवार सीटों को साधने के लिए हो रहा है। उनकी पहली सभा जांजगीर में हुई। बिलासपुर संभाग में 20 सीटें (सारंगढ़-बिलाईगढ़ को जोड़कर) हैं। उनमें जांजगीर भी है। इसके बाद राजनांदगांव में हुई, जो कि दुर्ग संभाग में आता है और पूर्व सीएम रमन सिंह का क्षेत्र है। इस संभाग में 20 सीटें हैं। अब रायपुर संभाग के बलौदाबाजार में गुरुवार को सभा है। इसमें भी 20 विधानसभा सीटें हैं।

SC और OBC वोटर्स पर नजर

मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी का सबसे बड़ा दलित चेहरा हैं। बलौदाबाजार जिले की विधानसभा सीटों में SC और OBC वर्ग के मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है। यहां अनारक्षित सीटों में भी SC वर्ग के मतदाताओं का बड़ा दखल है, इसलिए कांग्रेस ने अपनी रणनीति के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के लिए बलौदाबाजार जिले को चुना है।

 

Author