■ तहलका पत्रिका की पैनी नजर से टला बड़ा हादसा, जनहानि होने से पहले बंद कराई गई सप्लाई
■ पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा, अधिकारियों को लगाई फटकार
बालोद : नगर पालिका परिषद बालोद के अंतर्गत नेशनल हाईवे 930 पर हाल ही में लगाई गई स्ट्रीट लाइटों ने शुरू होते ही भ्रष्टाचार और लापरवाही की पोल खोल कर रख दी है. बीती शाम जैसे ही इन स्ट्रीट लाइटों को चालू किया गया. वैसे ही पूरा सिस्टम ‘स्वाहा’ हो गया.
इतना ही नहीं, विद्युत पोलों में सीधे मौत का करंट उतर आया. जिसकी चपेट में आने से कई राहगीर और स्थानीय लोग बाल-बाल बचे. कुछ लोगों को करंट का तेज झटका भी लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

’तहलका पत्रिका’ बनी रक्षक:
मुस्तैदी से टली बड़ी जनहानि
इस बेहद संवेदनशील और खतरनाक स्थिति पर ‘तहलका पत्रिका’ की पैनी नजर पड़ी। नेशनल हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर करंट उतरने की खबर को गंभीरता से लेते हुए ‘तहलका पत्रिका’ की टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत हस्तक्षेप किया. किसी भी तरह की अप्रिय घटना या जनहानि होने से पहले ही सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल स्ट्रीट लाइट की विद्युत सप्लाई को बंद करवाया गया. जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया.

सूचना मिलते ही दौड़े उपाध्यक्ष, मौके पर संभाला मोर्चा
विद्युत पोल में करंट आने और हड़कंप मचने की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी तत्काल एक्शन में आए. वे बिना समय गंवाए सीधे करंट प्रभावित स्थल पर पहुंचे और खुद मोर्चा संभाला. उपाध्यक्ष ने स्थिति का जायजा लेते हुए विद्युत विभाग और संबंधित ठेकेदार के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई.
उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि जनता की जान के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

घटिया निर्माण और भ्रष्टाचार की बू, जांच की मांग
नेशनल हाईवे 930 पर पूर्व में भी निर्माण कार्यों को लेकर कई तरह के सवाल उठते रहे हैं.
ऐसे में नई नवेली स्ट्रीट लाइटों के चालू होते ही करंट उतर आना, सीधे तौर पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल और तकनीकी लापरवाही को उजागर करता है. स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि अगर समय रहते लाइट बंद नहीं की जाती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी. जनता अब इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई और काम की उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रही है.











