दुर्ग : भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा मोहब्बत के चलते छात्रा की हत्या करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मृतका की रूममेट ने उसके परिजनों को खबर दी कि खुशी साहू अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल हालत में खून से लथपथ पड़ी है.
परिजन और आसपास के लोगों की मदद से उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. वारदात की खबर मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध क्रमांक 285/2026 दर्ज कर जांच शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और संदिग्धों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को अगम सुराग मिले. जिसके आधार पर लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24 वर्ष), निवासी सकरी वार्ड क्रमांक-12, बजरंग चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
पूछताछ में आरोपी ने जुर्म करना कबूल कर लिया. जिसके बाद 11 जुलाई को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया.
पूर्व नियोजित थी हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मृतका से एकतरफा प्रेम करता था. जब युवती ने उससे बातचीत करने और संबंध रखने से इंकार कर दिया. तो उसने पहले से प्लान बनाकर हत्या की साजिश रची. आरोपी रायपुर से भिलाई धारदार हथियार लेकर पहुंचा. अपनी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के मकसद से उसने दो शर्ट पहनी थीं और पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था. किराये के कमरे में दोनों के बीच विवाद हुआ. जिसके बाद आरोपी ने पहले युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से शरीर के कई हिस्सों पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए सबूत नष्ट करने का प्रयास किया. उसने घटना के समय पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए. ताकि पुलिस को उसके खिलाफ कोई सबूत न मिल सके. हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते आरोपी ज्यादा देर तक बच नहीं सका. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है.
24 घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस
दुर्ग पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस पूरी कार्रवाई में वैशाली नगर थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) टीम की अहम भूमिका रही.
आरोपी
लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू उम्र 24 साल निवासी सकरी वार्ड क्रमांक-12, बजरंग चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार
2026-07-12











