गरियाबंद : अयोध्या में हुई कथित करोड़ों रुपये की चोरी के खिलाफ सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने तिरंगा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा, पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला और जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कांग्रेस भवन से रैली निकालकर तिरंगा चौक पहुंचे. हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में से एक राम मंदिर में इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में सच्चाई सामने लाने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है.
जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा, “राम मंदिर देश की करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है. वहां करोड़ों रुपये की चोरी होना बेहद गंभीर मामला है. सरकार को तत्काल निष्पक्ष जांच कर दोषियों को बेनकाब करना चाहिए. अगर इस मामले में किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति की संलिप्तता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.”
पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला ने कहा, “भाजपा राम के नाम पर राजनीति करती है. लेकिन जब राम मंदिर में ही चोरी हो जाती है तो सरकार की जवाबदेही तय नहीं होती. यह घटना कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की विफलता को उजागर करती है. कांग्रेस इस मामले में पारदर्शी जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग करती है.”
जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा, “आस्था के केंद्र में चोरी होना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है. इस घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके. दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए.”
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि अगर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी.
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सन्नी मेमन, जिला महामंत्री राजेश साहू, सह कार्यालय प्रभारी जिला महामंत्री एवं पार्षद नगर पालिका छगन यादव, जिला महामंत्री जुनेद खान, पूर्व पार्षद योगेश बघेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित मिरि, अहसन मेमन, पवन सोनकर, रमेश शर्मा सौरभ ठाकुर, बूथ अध्यक्ष प्रेम यादव, मधु हरपाल, नंदू गोस्वामी, कादर हिंगोरा, चंद्रभूषण चौहान, उत्तम यादव,पंकज सिन्हा, मुकेश रामटेके, अमन दास मानिकपुरी, झनकार यादव, सौरभ यादव, शीला टण्डी, सरिता गिरी, प्रतिभा पटेल योगेश्वरी साहू, ममता फुलझेले, मोनिका ठाकुर, टीकेश्वरी राठौर, हेमा टण्डी, गूंलेश्वरी राठौर, योगेश्वरी साहू, सुरेखा नागेश, विमला साहू, ललिता साहू के साथ सैकड़ों महिला और पुरुष पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे.
2026-07-13











