बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में वेयर हाउस रोड पर तेज रफ्तार बेकाबू कार ने स्कूटी सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी. फिर सामने से गुजर रही स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी. स्कूटी सवार छात्र 10 फीट ऊपर हवा में उछलकर नीचे गिरा. जिससे उसकी मौत हो गई. हादसे का लाइव CCTV भी सामने आया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने सुबह करीब 7:30 बजे एक तेज रफ्तार कार वेयरहाउस रोड से गुजर रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे एक्टिवा सवार 11वीं के छात्र रुद्र प्रताप शर्मा पिता मुकेश शर्मा उम्र 18 साल निवासी अभिषेक नगर, मंगला को कार ने जोरदार टक्कर मार दी.
जिसके बाद कार सीधे सड़क से गुजर रही एक स्कूल की मिनी बस से जा टकराई. टक्कर से बस और कार दोनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. राहत की बात यह रही कि उस समय बस में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी अन्य के घायल होने की खबर नहीं है.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने फौरन घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया. अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया. छात्र की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है.
CCTV वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र कई फीट हवा में उछलकर दूर जा गिरा और अनियंत्रित कार इसके बाद पास खड़ी एक मिनी बस से जा टकराई. इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए छात्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद यह खुलासा हुआ है कि कार एक नाबालिग चला रहा था. हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
2026-07-13











