बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक शादी समारोह के दौरान रास्ता मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. डीजे पर नाच रही भीड़ से रास्ता मांगने पर एक युवक पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है. जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक यह वारदात 9 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे गिधौरी-टुण्डरा थाना क्षेत्र के ग्राम परसापाली में हुई. प्रार्थी विजय पटेल (19), निवासी गिधौरी, अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से गांव से गुजर रहा था. उसी दौरान एक शादी समारोह के चलते सड़क पर डीजे की धुन पर बड़ी तादाद में लोग नाच रहे थे. जिससे रास्ता पूरी तरह बंद था.
रास्ता मांगने पर शुरू हुआ विवाद
विजय पटेल ने भीड़ से किनारे होने और रास्ता देने का आग्रह किया. आरोप है कि इस बात पर वहां मौजूद परसापाली के कुछ युवक भड़क गए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे. जब विजय ने इसका विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया. इसी दौरान आरोपी कमल पटेल ने धारदार चाकू निकालकर विजय पर लगातार कई वार कर दिया. हमले में विजय के पेट, जांघ, कमर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा.
जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
वारदात के बाद घायल युवक को कसडोल अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर कर दिया. जहां उसका इलाज जारी है. पीड़ित की शिकायत पर गिधौरी-टुण्डरा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(2), 296, 115(2), 3(5) और 109 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. घेराबंदी कर मुख्य आरोपी कमल पटेल को हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान उसने जुर्म करना कबूल कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर लिया. आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि घटना में एक और आरोपी भी शामिल था. जो फिलहाल फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
2026-07-15











