महानदी में मिली लाश की सुलझी गुत्थी, ब्वायफ्रेंड ने चरित्र शंका में उतारा मौत के घाट, आरंग पुलिस ने आरोपी अवतार को रायपुर से किया गिरफ्तार

Spread the love

रायपुर/आरंग : रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में हुए महिला हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. हत्या चरित्र शंका के चलते की गई थी. आरोपी ने प्रेम संबंध के दौरान महिला पर शक करते हुए उसके साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर शव महानदी तट पर फेंक दिया था. मामला ग्राम पारागांव शमशान घाट, महानदी तट का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 13 जुलाई 2026 को महिला रूकमणी सोनवानी का शव लहूलुहान हालत में मिला था. शव पर जांघ, कूल्हे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटों के निशान पाए गए. खबर मिलने के बाद आरंग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की
प्रेम संबंध के दौरान हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका रूकमणी सोनवानी का सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह पिता गरजा सिंह, उम्र 37 साल निवासी पंजाब हाल ग्राम मुढीपार, थाना पिथौरा जिला महासमुंद के साथ पिछले 6 से 7 साल से प्रेम संबंध था. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था.
12 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे आरोपी ने मृतिका को किसी दुसरे पुरुष के साथ देखकर उसके चरित्र पर शंका जताई. इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि आरोपी ने धारदार कड़े और हाथ-मुक्कों से हमला कर रूकमणी सोनवानी की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी शव को महानदी तट पर फेंककर फरार हो गया.
पुलिस ने बनाई विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले सबूतों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की. लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने आरोपी सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह को रायपुर से हिरासत में लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत जुर्म दर्ज किया. इसके बाद आरोपी को 15 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. अदालत के हुक्म के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
आरोपी
सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह पिता गरजा सिंह, उम्र 37 साल निवासी पंजाब हाल ग्राम मुढीपार, थाना पिथौरा जिला महासमुंद छत्तीसगढ़

Author