दुर्ग : दुर्ग के जवाहर नगर में रहने वाले 12वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. शुक्रवार को उसकी केमिस्ट्री विषय की सप्लीमेंट्री परीक्षा थी. परीक्षा देकर घर लौटने के कुछ देर बाद उसने यह कदम उठा लिया. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. इसलिए खुदकुशी की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है. यह मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक यश कुमार डडसेना उम्र 20 साल 12वीं का छात्र था. शुक्रवार को वह केमिस्ट्री की सप्लीमेंट्री परीक्षा देने गया था. परीक्षा खत्म होने के बाद वह घर लौटा. उस समय घर में उसकी दादी मौजूद थीं. वहीं, उसके पिता छत्रपाल डडसेना अपने छोटे बेटे को प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के लिए हुडको गए हुए थे. यश की मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं.
दोपहर करीब 12 बजे पिता ने यश को मोबाइल पर कॉल किया. लेकिन उसने फोन नहीं उठाया. इसके बाद उन्होंने घर के लैंडलाइन नंबर पर कॉल किया. कॉल दादी ने रिसीव किया. दादी ने बताया कि यश कुछ देर पहले “टॉयलेट जा रहा हूं” कहकर गया था.
स्टोर रूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला शव
काफी देर तक यश वापस नहीं लौटा तो दादी उसे देखने गईं. पहले उन्होंने टॉयलेट में तलाश की. लेकिन वह वहां नहीं मिला. इसके बाद बगल में बने स्टोर रूम का दरवाजा खोला तो यश फांसी के फंदे से लटका मिला. यह देखकर दादी घबरा गईं और उन्होंने फौरन परिजनों को खबर दी. परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी.
आज होगा पोस्टमॉर्टम
खबर मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. परिजनों के आने के बाद आज शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा.
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. ऐसे में खुदकुशी की वजह का पता लगाने के लिए परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है. जरूरत पड़ने पर मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी.
2026-07-17











