पाइथन की बेरहमी से हत्या, मुर्गी खाने पर अजगर काे कुल्हाड़ी से काट डाला, वीडियो वायरल होने के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

कांकेर : कांकेर जिले के नाथिया नवागांव में रहने वाले तीन युवकों ने एक पाइथन की कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी शेयर कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. आरोपियों ने बताया कि पाइथन उनके फार्म हाउस की एक मुर्गी को खा गया था. जिससे नाराज होकर उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया. यह मामला कांकेर वन परिक्षेत्र के नाथिया नवागांव का है.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को भोजन की तलाश में एक पाइथन युवकों के फार्म हाउस पहुंचा. वहां उसने एक मुर्गी को अपना शिकार बनाकर खा लिया. यह देखकर युवक गुस्से में आ गए और घर में रखी कुल्हाड़ी से पाइथन की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के दौरान उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया.
वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने कुल्हाड़ी से पाइथन की हत्या की थी और घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. उनका कहना था कि मुर्गी खाने से नाराज होकर उन्होंने यह कदम उठाया. वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया.

Author