धमतरी में खट्टी पुल पर दिनदहाड़े युवक की गला रेतकर हत्या, अज्ञात हमलावर फरार, क्षेत्र में फैली सनसनी, ग्रामीणों में आन्क्रोश का माहौल, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

धमतरी/कुरूद : कुरूद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारी के खट्टी पुल के पास बुधवार सुबह हुई एक नृशंस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नीरज उर्फ राजा साहू पिता खुमान साहू उम्र 27 साल निवासी कुंडेल (मेघा) के रूप में हुई है. इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक नीरज पेशे से पिकअप चालक था. सुबह करीब 10 बजे वह पिकअप वाहन लेकर खट्टी गांव की तरफ से आ रहा था. इसी दौरान जैसे ही वह नारी पुल के पास पहुंचा। कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी रोक ली. इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में युवक के गले पर कई गहरे वार किए गए. जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
वारदात की खबर मिलते ही करेली बड़ी चौकी से पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घटना की तस्दीक करते हुए जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटा रही है. साथ ही शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच और खोजबीन किया जा सकता है.
दिनदहाड़े हुई इस जघन्य हत्या से ग्राम नारी एवं आसपास के क्षेत्र में डर और आक्रोश का माहौल है. बड़ी तादाद में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

Author