कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम लेपरा में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. पुराने विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर टंगिया से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी पत्नी के साथ फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 10 बजे लानलेपरा गांव निवासी मथुरा धनवार पिता बिदुर सिंह अपनी पत्नी के साथ बड़े भाई कैलाश धनवार के घर भोजन करने पहुंचा था. भोजन के बाद दोनों भाइयों के बीच पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर कैलाश ने पास रखी टंगिया से मथुरा पर हमला कर दिया.
हमले में मथुरा गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन और ग्रामीण उसे 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जा रहे थे. लेकिन खून ज्यादा बहने की वजह से रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
वारदात की खबर मिलने के बाद बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद होने की बात सामने आई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
2026-07-22











