गरियाबंद : गरियाबंद जिला में रथयात्रा पर्व के बीच शुक्रवार को कुछ ही घंटों के भीतर लगातार तीन सड़क हादसे हो गए. सबसे गंभीर हादसा अमलीपदर में सामने आया. जहां तेज रफ्तार बाइक के हादसे में 23 साल का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक युवक पहले उसरीजोर क्षेत्र में सड़क किनारे चल रही दो महिलाओं को टक्कर मारते हुए आगे निकल गया. इसके बाद तेज रफ्तार में भागते समय अमलीपदर स्थित आयुष ढाबा के सामने श्मशान घाट के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी. हादसे के समय युवक बाइक पर अकेला सवार था. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसे की खबर मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी मनीष कुमार साहू और पायलट उपेंद्र यादव तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर पहुंचाकर समय पर इलाज शुरू कराया.
तीन घंटे में तीन सड़क हादसे
इससे पहले सियारलटी पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में जांगड़ा निवासी नरेश यादव उम्र 22 साल घायल हो गए थे. उन्हें डायल-112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना में उनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य युवक को मामूली चोटें आईं.
वहीं, करीब तीन घंटे पहले गोहरापदर-ध्रुवागुड़ी मार्ग पर मदांगमुंडा के पास बाइक और साइकिल की टक्कर में नगरी निवासी 50 साल के बलू साहू घायल हो गए थे. उन्हें भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग में भर्ती कर इलाज किया गया.
तीनों हादसों में राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. लेकिन एक ही दिन में लगातार हुई तीन सड़क हादसों ने जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
2026-07-24











