कोरबा : कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित कनबेरी गांव में 25 वर्षीय युवक शंकर सिंह की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. युवक का शव घर से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ पर गमछे के सहारे लटका मिला. घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है.
जानकारी के मुताबिक शंकर 17 जून की सुबह काम के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने लगातार संपर्क करने की कोशिश की. लेकिन मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ. अगले दिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की. 19 जून की रात युवक का शव बरामद हुआ.
मृतक की मां ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि शंकर का पिछले चार वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध था. परिवार ने शादी का प्रस्ताव भी रखा था, लेकिन युवती और उसके परिजनों ने रिश्ता स्वीकार नहीं किया. उनका दावा है कि इस कारण शंकर मानसिक तनाव में था.
परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना से पहले युवती के परिजन शंकर के घर पहुंचे थे और उसे जान से मारने की धमकी दी थी. शव पर चोट और खरोंच के निशान मिलने का हवाला देते हुए उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और हत्या की दिशा में जांच करने की मांग की है.
वहीं उरगा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण आत्महत्या बताया गया है। फिलहाल फोरेंसिक टीम की मदद से मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
2026-07-25











