दुर्ग/भिलाई : छावनी पुलिस ने एक तरफा प्रेम में पागल आशिक को गिरफ्तार किया है. आरोपी धमधा निवासी रविन्द्र भारती अपने साथ फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली युवती को ब्लैकमेल कर रहा था. आरोपी ने एआई के जरिए युवती के साथ अपनी फोटो बना लिया. इसके बाद युवती को फोटो भेजकर वायरल करने की धमकी देने लगा. आरोपी ने युवती से 5 लाख की मांग की.
मिली जानकारी के मुताबिक 24 जुलाई को पीड़िता महिला द्वारा थाना छावनी में लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोबाइल नंबर 9131397223 का उपयोग करने वाले रविन्द्र भारती द्वारा उससे 5,00,000 की मांग की जा रही थी. रकम नहीं देने पर आरोपी ने उसके पति को जान से मारने की धमकी दी और AI तकनीक का उपयोग कर उसकी फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी. साथ ही पीड़िता पर उसके पति से जबरन तलाक लेने का दबाव भी बनाया गया. इतना ही नहीं आरोपी ने महिला के पति की हत्या करने की भी धमकी दी थी. परेशान होकर युवती ने पहले अपने पति से शिकायत की. इसके बाद पुलिस के पास जाकर केस दर्ज कराया.
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना छावनी में धारा 308(2), 308(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत जांच शुरु की गई. जांच के दौरान आरोपी की पतासाजी कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने AI तकनीक के जरिए फोटो एडिट कर जुर्म करना कबूल किया. पुख्ता सबूत पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया.
पुछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और युवती एक साथ काम करते थे. तभी से दोनों की पहचान है. इसके बाद युवती ने शादी कर ली. जब उसे इसका पता लगा तो उसने ब्लैकमेल करने प्लान बनाया.
आरोपी
रविन्द्र भारती, उम्र 30 साल निवासी सतनामी पारा, ठेंगाभाट, थाना धमधा, जिला दुर्ग (छ.ग.)
2026-07-27











