दंतेवाड़ा : दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरली के पास मंगलवार तड़के यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे में 12 से ज्यादा यात्री घायल हो गए. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई,
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे महेंद्रा ट्रेवल्स की यात्री बस भांसी थाना क्षेत्र के धुरली गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे. हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए. हादसे में 10 से 12 यात्री घायल हो गए.
घटना की खबर मिलते ही भांसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और सुरक्षा बल के जवानों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला. अंधेरे के बीच जवानों ने मोबाइल फोन की टॉर्च की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घायलों में से कुछ को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जबकि अन्य का इलाज बचेली अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है.
फिलहाल हादसे की वजह का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो पाया है. शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने की वजह से बस अनियंत्रित हुई होगी. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हादसे की असल वजह का पता लगाने में जुटी है.
2026-07-28











