छुरा में दर्दनाक हादसा: बैलों के साथ घर लौट रहे युवक को बाइक ने मारी टक्कर, हालत नाजुक, बाइक चालक भी घायल, पुलिस ने पेट्रोलिंग वाहन से पहुंचाया अस्पताल

Spread the love

गरियाबंद/छुरा : गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 साल का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. युवक अपने साथी के साथ बैलों को लेकर पैदल गांव लौट रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक चालक भी घायल हो गया. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां युवक की हालत नाजुक बनी हुई है. यह मामला छुरा थाना क्षेत्र का है.
बैलों के साथ लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक सजापाली निवासी 22 साल का युवक किसानी काम के लिए बैल लेकर छुरा आया था. सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह अपने साथी के साथ बैलों को लेकर वापस गांव लौट रहा था. कोसमबुड़ा चौकी के पास धौवराभाठा के पास सड़क किनारे पैदल चलते समय पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
चेहरे और सिर में गंभीर चोट
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके चेहरे और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं. वहीं बाइक चालक खुडियाड़ीही गांव का निवासी बताया जा रहा है. वह भी हादसे में घायल होकर बेहोश हो गया.
एम्बुलेंस नहीं मिली, पुलिस बनी सहारा
हादसे की खबर मिलते ही छुरा थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उस समय एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने की वजह से पुलिस ने बिना समय गंवाए घायल युवक को अपने पेट्रोलिंग वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च स्तरीय अस्पताल रेफर कर दिया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवार ने बताया कि खबर मिलते ही पुलिस फौरन मौके पर पहुंची. एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने की वजह से घायल को फौरन पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है.

Author