इंटरसिटी होटल के बंद कमरे में 23 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, मोबाइल में मिला सुसाइड नोट, लिखा-गॉड मुझे बुला रहे हैं, इसलिए मैं जा रहा हूं
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र स्थित इंटरसिटी होटल के एक बंद कमरे में 23 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से रविवार को इलाके में सनसनी फैल गई. खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. युवक के मोबाइल फोन से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने भगवान के पास जाने की बात लिखते हुए पुलिस से किसी भी व्यक्ति को परेशान नहीं करने का अनुरोध किया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक सरकंडा के सीपत रोड निवासी मृतक शिवशंकर शर्मा उम्र 23 साल ने शनिवार को इंटरसिटी होटल में कमरा बुक कराया था. होटल में ठहरने के दौरान उसने खाने-पीने का सामान भी मंगाया. लेकिन इसके बाद कमरे का दरवाजा नहीं खोला. रात का भोजन भी उसने नहीं लिया.
रविवार सुबह करीब 11 बजे तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ. काफी आवाज लगाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो इसकी खबर तोरवा पुलिस को दी गई. पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया गया. जहां युवक का शव कमरे के पंखे से फांसी के फंदे पर लटका मिला.
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि मौके की जांच के दौरान युवक के मोबाइल फोन में एक संदेश मिला है. शुरुआती जांच में ऐसा मालूम होता है कि उसने अपने संदेश में किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है और पुलिस से किसी भी व्यक्ति को परेशान नहीं करने का आग्रह किया है. हालांकि पुलिस इस संदेश की भी तकनीकी जांच करा रही है.
मोबाइल खोलने पर स्क्रीन पर उसकी फोटो के साथ सुसाइड नोट मिला. इसमें लिखा था- “मेरा नाम शिवशंकर शर्मा है. मैं अभी होटल इंटरसिटी इंटरनेशनल के रूम नंबर 205 में हूं. आज मैं अपनी जान दे रहा हूं. इसकी वजह है कि गॉड मुझे बुला रहे हैं. इसलिए मैं जा रहा हूं.” युवक ने नोट में पुलिस से यह भी अपील की थी कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहा है और उसके परिवार वालों से ज्यादा पूछताछ कर उन्हें परेशान न किया जाए.
पुलिस ने युवक के मोबाइल की जांच की तो गैलरी में कोई फोटो या वीडियो नहीं मिला. पुलिस मोबाइल की जांच कर रही है. टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि पहली नजर मामला आत्महत्या का लग रहा है. लेकिन कुछ बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. साथ ही युवक के पारिवारिक, सामाजिक और व्यक्तिगत पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि घटना की असल वजह का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असल वजह पर कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला जा सकेगा.
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फांसी लगाने के लिए इस्तेमाल की गई चुन्नी युवक अपने साथ लेकर आया था या किसी अन्य माध्यम से कमरे तक पहुंची. इसके अलावा पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है.











