धमतरी : पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में कुरूद पुलिस ने बस चालक पर हुए चाकूबाजी के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 28 जुलाई 2026 को करीब दोपहर 3:15 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल कुरूद की स्कूल बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी. इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने बस को रोककर चालक से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद किया. आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. और धारदार हथियार से हमला कर चालक को घायल कर दिया.
वारदात की खबर पर फौरन थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 228/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 126(2), 118(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरु की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना,मिले सबूत और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी रोहन साहू पिता सुरेन्द्र साहू, उम्र 21 साल निवासी मोंगरा थाना कुरूद, हाल पता अमृत विहार कॉलोनी कुरूद को विधिवत गिरफ्तार किया. मामले में शामिल एक नाबालिग का सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश कर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के मुताबिक वैधानिक कार्यवाही की गई. जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और धारदार हथियार चाक़ू बरामद कर विधिवत जप्त किया गया. आरोपी रोहन साहू को अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
आरोपी
रोहन साहू पिता सुरेन्द्र साहू उम्र 21 साल निवासी मोंगरा थाना कुरूद, हाल पता अमृत विहार कॉलोनी कुरूद जिला धमतरी छत्तीसगढ़
2026-07-30











