कोंडागांव : कोंडागांव नगर के कोपाबेड़ा जलाशय के सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान निर्माणाधीन नाले में ठेकेदार की लापरवाही ने एक बार फिर मासूम की जान ले ली. सुबह करीब 10 बजे नहरपारा निवासी चांदनी नाग पिता मानसिंह नाग उम्र 6 साल घर से लगे निर्माणाधीन नाले के पानी में फिसलकर गिर गई. गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक़ गुरुवार सुबह चांदनी नाग घर के बाहर दोस्तों के साथ खेल रही थी. तभी घर से लगे निर्माणाधीन नाले के पानी में फिसलकर गिर गई. जैसे ही इसकी जानकारी मिली बच्ची को स्थानीय लोगों की मदद से फौरन नाले से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया.
लेकिन तब तक बाहर देर चूकी थी. डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. इसकी खबर पुलिस को दी गयी. खबर के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गयी है. बताया जा रहा है घटना के वक्त दो और बच्चे भी थे. जिन्हें समय रहते बचा लिया गया.
स्थानीय लोगों ने बच्ची के शव को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है. बताया जा रहा है कि इसी निर्माण कार्य के दौरान पहले भी एक बच्चे की जान जा चुकी है. लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार ने न तो बैरिकेडिंग की और न ही कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा व्यवस्था…
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद ठेकेदार की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निर्माण स्थल पर तत्काल सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है.
2026-07-30











