कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का गरियाबंद में फूल-मालाओं और आतिशबाजी से ऐतिहासिक स्वागत, बोले- प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह फेल

Spread the love

राजिम(गरियाबंद : गरियाबंद दौरे के दौरान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का शनिवार को राजिम स्थित पंडित श्यामाचरण शुक्ल चौक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया. इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और आतिशबाजी कर उत्साह का प्रदर्शन किया. पूरे चौक में कांग्रेस समर्थकों के जयघोष और जिंदाबाद के नारों से माहौल गूंजता रहा.
स्वागत कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने पंडित श्यामाचरण शुक्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद उन्होंने मौजूद कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से काम करने का आह्वान किया.
इस मौके पर बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला के सुपुत्र भवानीशंकर शुक्ला,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रामकुमार गोस्वामी, डी.के. ठाकुर,विकास तिवारी,मनोज कंदोई,युगल पाण्डे, राजेन्द्र सूर्यवंशी,पवन सोनकर,मिडिया प्रभारी टिकेश साहू,अशोक श्रीवास्तव, कुलेश्वर साहू, गोविंद कहार,नरोत्तम ठाकुर, गोविन्द यादव, रामूराम तारक‌‌, डॉ . रमेश साहू, हेमलता सिन्हा, खेमू साहू, जानकी साहू, राजेंद्र साहू,अधिवक्ता रामनारायण साहू, लेखराम जगमोहन राजा ,साहू ,सुंदर साहू,विष्णु जांगड़े,योगेश साहू, देवेंद्र साहू, रमेश वर्मा, मो. शब्बीर, योगेश्वरी साहू, उमा देवी साहू, हिमेश्वरी साहू,भुवनेश्वरी बंजारे मनोज सोनवानी, मुकेश भारती, रामकुमार साहू, गैंदराम यादव, वासुदेव यादव, चेतन सिन्हा सहित राजिम एवं फिंगेश्वर ब्लॉक के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में तिरंगा चौक पर फूल-मालाओं, आतिशबाजी और गगनभेदी नारों से हुआ भव्य अभिनंदन
गरियाबंद : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के गरियाबंद आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया. जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में तिरंगा चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत करते हुए उनका जोरदार अभिनंदन किया. पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के तिरंगा चौक पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के साथ उनका स्वागत किया। चारों ओर कांग्रेस के झंडे लहराए गए और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया. ढोल-नगाड़ों की गूंज और कार्यकर्ताओं के जोश ने पूरे तिरंगा चौक को उत्सव स्थल में बदल दिया. स्वागत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष का कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर सम्मान भी किया गया.
इस मौके पर जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल तथा कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी तादाद में मौजूद रहे. सभी ने प्रदेश अध्यक्ष का माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.
इस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच संघर्ष कर रहे हैं. प्रदेश अध्यक्ष के गरियाबंद आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है.
रंगा चौक पर आयोजित स्वागत समारोह देर तक चर्चा का विषय बना रहा। पूरे कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनआंदोलनों को सफल बनाने का संकल्प भी दोहराया. प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं का उत्साह यह दर्शाता रहा कि जिले में कांग्रेस संगठन पूरी सक्रियता के साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार है.

दीपक बैज का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, बोले- प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह फेल
गरियाबंद : दो दिवसीय प्रवास पर गरियाबंद पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में “प्रशासनिक आतंकवाद” चरम पर है और जनप्रतिनिधियों से लेकर आम जनता तक की कहीं सुनवाई नहीं हो रही। बैज ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी तक निराश होकर इस्तीफे दे रहे हैं, जिससे सरकार की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद की बात तक अधिकारी नहीं सुन रहे, तो विधायक और आम कार्यकर्ताओं की स्थिति समझी जा सकती है. इस मामले में लोकसभा के विशेषाधिकार हनन तक की नौबत आ गई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस पूरे मामले पर अपना स्पष्ट रुख रखना चाहिए.
कश्मीर के पुलवामा जिले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की आतंकियों द्वारा हत्या का मुद्दा उठाते हुए बैज ने सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि दोनों मृतक अनुसूचित जाति वर्ग से थे और रोजी-रोटी कमाने कश्मीर गए थे। सरकार को तत्काल उनके शव परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्था करनी चाहिए थी. उन्होंने इसे सरकार की अकर्मण्यता और उदासीनता बताते हुए घटना की कड़ी निंदा की.
बिजली बिल बढ़ोतरी को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि ढाई साल में बिजली दरों में पांच बार बढ़ोतरी की गई है. और स्मार्ट मीटर के जरिए जनता से अतिरिक्त वसूली की तैयारी की जा रही है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस “400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ” की मांग को लेकर दो महीने का प्रदेशव्यापी अभियान शुरू कर रही है. इसके तहत घर-घर जाकर फॉर्म भरवाए जाएंगे, फिर ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रदर्शन होगा तथा अंत में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा.
बैज ने दावा किया कि भाजपा में लगातार इस्तीफे हो रहे हैं और कई जगहों पर भगदड़ जैसी स्थिति है. उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता भी अपनी ही सरकार से निराश हैं क्योंकि उनकी सुनवाई नहीं हो रही है.
भाजपा के “राजनीतिक पर्यटन” वाले आरोप पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में है. जबकि भाजपा जनता की समस्याओं से दूर है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 के चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी.
गरियाबंद जिले के संगठन पर उन्होंने कहा कि यहां कांग्रेस मजबूती से काम कर रही है. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार, किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने और अन्य जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है.

दीपक बैज से मिले धमतरी के आदिवासी कांग्रेस पदाधिकारी, संगठन को मजबूत करने पर हुई चर्चा
नगरी/धमतरी : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज से शनिवार को गरियाबंद सर्किट हाउस में आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक जनक ध्रुव के नेतृत्व में धमतरी जिले के आदिवासी कांग्रेस पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। अमलीपदर प्रवास के दौरान हुई इस बैठक में संगठन की मजबूती, सिहावा विधानसभा की राजनीतिक स्थिति तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र सोनी, एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष अरविंद यादव, योगेश मरकाम, लाकेश्वर साहू, जुगल किशोर मरकाम, सखा नेताम, शिवराज नेताम, पीतांबर कुंजाम और तूलेश सामरथ सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान मनोज साक्षी ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को धमतरी जिले में आदिवासी कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और जनहित के मुद्दों पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठा रहा है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में सिहावा विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों, क्षेत्रीय समस्याओं, संगठन के विस्तार और आगामी आंदोलनों की रणनीति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने पदाधिकारियों को संगठन को और मजबूत करने तथा जनसरोकार के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया।
आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने बताया कि दीपक बैज ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और हर वर्ग को साथ लेकर काम करने का मार्गदर्शन दिया है।
बैठक के दौरान दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जाकर कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और आंदोलनों को लेकर भी रणनीति तैयार की गई.

Author