छत्तीसगढ़ में चलती बस के नीचे धंस गई पुलिया, वाहन के गुजरने के दौरान पुल का स्लैब ढहा, बीच पुल पर फंसे 35 यात्री, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Spread the love

पेंड्रा : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर बांसाझाल चपोरा आश्रम के पास नाले पर बनी पुलिया का बीच का हिस्सा अचानक धंस जाने से पुष्पराज बस बीच पुल पर फंस गई। बस में करीब 35 यात्री सवार थे. जिन्हें चालक और परिचालक की सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई.
मिली जानकारी के मुताबिक पुष्पराज बस नम्बर CG 10 G 1464 रविवार को पेंड्रा से बिलासपुर जा रही थी. जैसे ही बस बांसाझाल चपोरा आश्रम के पास नाले पर बनी पुलिया पर पहुंची. पुलिया का मध्य हिस्सा अचानक धंस गया। इससे बस बीच पुल पर ही फंस गई और आगे बढ़ना संभव नहीं हो सका.
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. हालात की गंभीरता को देखते हुए चालक और परिचालक ने फौरां सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला. खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद किया. चश्मदीदों का कहना है कि अगर बस कुछ और आगे बढ़ जाती या पुल से नीचे गिर जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
आवागमन पूरी तरह ठप
पुलिया धंसने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है. इसके चलते पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग होने की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रशासन को दी गई खबर
हादसे की जानकारी प्रशासन और संबंधित विभाग को दे दी गई है. फिलहाल पुलिया की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है और यातायात बहाल करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है. इस घटना ने एक बार फिर सड़क और पुल निर्माण की गुणवत्ता तथा रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिया की तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और जल्द मरम्मत की मांग की है.

Author