स्कूल के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से टीचर की मौत, दर्दनाक हादसे में वाहन सवार घायल और दूसरा फरार, पसरा मातम

Spread the love

कोरबा : कटघोरा विकासखंड के ग्राम जेजरा में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में शिक्षक की मौत हो गई. तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से यह हादसा हुआ. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी तादाद में लोग जमा हो गए.
मिली जानकारी के मुताबिक जेजरा निवासी शिक्षक अजय थवाईत स्कूल जा रहे थे. उनकी पत्नी उन्हें स्कूल तक छोड़कर वापस लौट गई थीं. इसके बाद अजय थवाईत स्कूल के पास सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की खबर मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. स्कूल के शिक्षक और ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए. पूरे गांव में शोक का माहौल है.
हादसे में बाइक सवार एक युवक भी घायल हुआ है. जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
कटघोरा पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार सामने आया है. पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक शिक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जेजरा स्कूल के पास अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं. यहां स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. उन्होंने प्रशासन से स्कूल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके. शिक्षक अजय थवाईत की मौत से शिक्षा जगत में शोक की लहर है. परिजनों और स्कूल स्टाफ ने कहा कि एक समर्पित शिक्षक का इस तरह असमय चले जाना अपूरणीय क्षति है.

Author