निर्माणाधीन मकान में दीवार जोड़ते समय 11 केवी लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक हादसा, करंट लगने से 2 मजदूरों की मौके पर मौत, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

बिलासपुर : सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 स्थित एक निर्माणाधीन मकान में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. दीवार जोड़ाई के दौरान 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक मजदूर भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे निर्माण कार्य में लगे हुए थे. इसी दौरान भूपेंद्र साहू हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए. उन्हें बचाने की कोशिश में रवि बंजारे भी करंट की चपेट में आ गए. जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि एक मजदूर नीचे गिर गया. जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया.
दोनों मृतक अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज के पास के निवासी बताए जा रहे हैं. जिस निर्माणाधीन मकान में हादसा हुआ, वह अनूप सिंह का बताया जा रहा है. हादसे की खबर मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के बीच सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है.

Author