नाबालिग लड़की पर टांगी से जानलेवा हमला, नाजुक हालत में बिलासपुर रेफर, पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के आरोपी उमेश को गिरफ्तार कर भेजा जेल

Spread the love

सक्ती : सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलादुला से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. रात करीब साढ़े 9 बजे एक नाबालिग लड़की पर धारदार टांगी से हमला कर दिया. हमले में लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई. प्राथमिक उपचार के बाद उसे जांजगीर जिला अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है. जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे नाबालिग लड़की के माता-पिता रोजगार के सिलसिले में श्रीनगर गए हुए थे. वह अपने छोटे भाई और अन्य परिजनों के साथ गांव में रह रही थी. इसी दौरान गांव के निवासी उमेश पलांगे ने कथित तौर पर धारदार टांगी से उस पर हमला कर दिया.
वारदात के बाद परिजन और ग्रामीण फौरन घायल लड़की को अस्पताल लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया.
वारदात की खबर मिलते ही जैजैपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए. जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल टांगी को जब्त कर लिया गया है.
पुलिस ने आरोपी उमेश पलांगे को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ दुष्कर्म और हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक सबूतों और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Author