बलौदाबाजार/कसडोल : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. कसडोल थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित एक चखना सेंटर में दोस्ती की डोर उस वक्त टूट गई. जब एक युवक ने अपने ही साथी पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक अजय पैकरा उम्र 48 साल और आरोपी फिरतु यादव उम्र 48 साल उसका करीबी दोस्त और व्यवसायिक साझेदार थे. दोनों मिलकर कॉलेज रोड स्थित चखना सेंटर का संचालन करते थे. 5 अगस्त को किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई. इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने धमकी दी, “आज तुझे निपटा दूंगा”, और अपने पास रखी धारदार कैंची से अजय के पेट पर लगातार कई वार कर दिया.
वारदात के बाद परिजन घायल अजय को पहले कसडोल अस्पताल और फिर बलौदाबाजार जिला अस्पताल ले जा रहे थे. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. खबर मिलते ही कसडोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
2026-08-07











