रायपुर/अभनपुर : अभनपुर के प्रतिष्ठित डॉक्टर परिवार का विवाद अब नया मोड़ ले लिया है. सोनी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ. प्रज्ज्वल सोनी ने अभनपुर पुलिस पर उनके घर और अस्पताल में पहुंचकर परेशान करने, निजता भंग करने और बिना सर्च वारंट घर की तलाशी लेने का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं पुलिस इसे अदालत के आदेश के पालन में बच्चे की कस्टडी उसकी मां को दिलाने की कार्रवाई करार दे रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक अभनपुर के प्रतिष्ठित डॉ. प्रज्ज्वल सोनी और उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर के बीच पिछले कुछ साल से पारिवारिक विवाद चल रहा है. मामला उनके नाबालिग बच्चे की कस्टडी से जुड़ा हुआ है. डॉक्टर प्रज्ज्वल सोनी के मुताबिक अदालत ने बच्चे की कस्टडी उसकी मां को सौंपने का आदेश दिया है.
उन्होंने बताया कि आदेश का पालन करते हुए कई बार अदालत में हाजिर होकर बच्चे को कोर्ट में सौंपा. लेकिन बच्चा अपने पिता से अलग नहीं रहना चाहता है. ऐसी हालत में उनकी पत्नी लगातार पुलिस को लेकर उनके घर और अस्पताल पहुंचती हैं.
डॉ. सोनी का आरोप है कि बीते दिनों वे और उनके पिता इसी मामले में अदालत में पेश होने गए थे. इसी दौरान अभनपुर पुलिस के एक दल ने उनकी गैर मौजूदगी में बिना उनकी अनुमति के घर में प्रवेश कर तलाशी ली. इस पूरी कार्रवाई का वीडियो अस्पताल के स्टाफ द्वारा बनाए जाने की बात भी सामने आई है.
इस पूरे मामले में पुलिस का अपना पक्ष है. रायपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के मुताबिक अदालत ने बच्चे की कस्टडी उसकी मां को दिलाने के बारे में पुलिस को आदेश दिया है. पुलिस इसी कड़ी में न्यायालयीन आदेश के पालन में कार्रवाई कर रही है.
फिलहाल बच्चे की कस्टडी को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद अब पुलिस की कार्रवाई और डॉक्टर के आरोपों के कारण चर्चा में है. एक तरफ डॉक्टर पुलिस पर प्रताड़ना और निजता भंग करने का आरोप लगा रहे हैं. तो दूसरी तरफ पुलिस अदालत के आदेश के पालन की बात कह रही है.
2026-08-12











