कुरूद में 40 फीट गहरे कुएं से मिली नाबालिग लड़के की लाश, फैली सनसनी, पुलिस दबिश के बाद भागते समय गिरने की आशंका, SP बोलीं- दोनों घटनाएं अलग

Spread the love

धमतरी/कुरूद : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़के की लाश कुएं से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान धनेश ध्रुव के रूप में हुई है. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक धनेश का शव कुरूद स्थित एक राइस मिल के पास बने करीब 40 फीट गहरे कुएं से बरामद किया गया. घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है.
जुए से जोड़कर सामने आई एक आशंका
मामले को लेकर एक चर्चा यह सामने आई है कि कुछ नाबालिग लड़के जुआ खेल रहे थे. इसी दौरान पुलिस के आने की खबर पर सभी इधर-उधर भागने लगे और अफरा-तफरी में धनेश के कुएं में गिरने की आशंका जताई जा रही है.
हालांकि पुलिस ने इस बात से इंकार किया है कि नाबालिग की मौत और जुआ कार्रवाई का आपस में कोई संबंध है. पुलिस के मुताबिक दोनों घटनाओं के स्थान अलग-अलग हैं.
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है. मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.

Author