रायपुर : रायपुर शहर के आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने शुक्रवार देर शाम प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. AIIMS अस्पताल के सामने एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. युवक और युवती के बीच विवाद के बाद यह घटना हुई. जिसमें चलती कार से गिरने के कारण युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान परमप्रीत सिंह उर्फ गुलाब उर 32 साल, निवासी मोहबा बाजार रायपुर के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि कार चालक युवक की तलाश की जा रही है.
गंभीर चोटों की वजह से की मौके पर ही मौत
मिली जानकारी के मुताबिक घटना के समय युवती एक कार से AIIMS अस्पताल के सामने पहुंची थी. वहां मृतक परमप्रीत और युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. विवाद के बाद युवती कार में बैठकर वहां से जाने लगी. इसी दौरान मृतक परमप्रीत ने उसे रोकने की कोशिश की. परमप्रीत कार की छत पर चढ़ गया और काफी दूरी तक कार को रोकने का प्रयास करता रहा.
विवाद के दौरान भरत मंगनानी ने अपनी कार से परमप्रीत को टक्कर मार दी. इसके बाद परमप्रीत कार की छत पर चढ़ गया. आरोप है कि भरत ने कार रोकने के बजाय तेज रफ्तार में दौड़ा दी. कुछ दूरी पर परमप्रीत कार से नीचे गिर गया. जिसके बाद आरोपी ने उसके ऊपर कार चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया. गंभीर चोटों की वजह से परमप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई.
एम्स के सामने हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को एम्स अस्पताल के सामने परमप्रीत सिंह और भरत मंगनानी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. शुरुआती जांच में विवाद की वजह प्रेम प्रसंग सामने आ रही है. दोनों के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया.
इसी दौरान भरत अपनी कार लेकर वहां से जाने लगा. परमप्रीत ने उसे रोकने का प्रयास किया. आरोप है कि भरत ने कार आगे बढ़ाते हुए परमप्रीत को टक्कर मार दी. इसके बाद भी परमप्रीत ने कार को रोकने का प्रयास किया और कार की छत पर चढ़ गया.
कार की छत पर चढ़े युवक को लेकर भागा
चश्मदीदों के मुताबिक परमप्रीत के कार की छत पर चढ़ने के बाद भी आरोपी ने वाहन नहीं रोका. वह कार को तेजी से आगे ले गया. कुछ दूरी तक कार दौड़ाने के बाद परमप्रीत सड़क पर नीचे गिर गया. आरोप है कि इसके बाद भरत ने कार रोकने के बजाय परमप्रीत के ऊपर वाहन चढ़ा दिया. घटना में परमप्रीत को गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद आरोपी भरत मंगनानी कार लेकर मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने घटना की खबर पुलिस को दी.
लोगों ने किया पीछा, आरोपी फरार
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ने का प्रयास किया. कुछ लोगों ने आरोपी की कार का पीछा भी किया. लेकिन वह लोगों की पकड़ में नहीं आया. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया.
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की है. चश्मदीदों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्ट्या मामले को हत्यात्मक प्रकृति का माना है.
बीएनएस की धारा 103 में जुर्म दर्ज
आमानाका पुलिस के मुताबिक घटना के बारे में बीएनएस की धारा 103 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी भरत मंगनानी की तलाश के लिए टीम रवाना कर दी है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना में इस्तेमाल कार और अन्य सबूतों को भी जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. इसके अलावा चश्मदीदों और अन्य लोगों से मिली जानकारी के आधार पर घटनाक्रम की पुष्टि की जा रही है.
युवती से जुड़े विवाद की भी जांच
शुरुआती जानकारी में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है. घटना के दौरान एक युवती के भी मौके पर मौजूद होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस युवती से पूछताछ कर पूरे विवाद की वजह और घटना से पहले दोनों पक्षों के बीच हुए घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.
2026-08-14











