बालोद/घोटिया : एक तरफ जहां पूरा देश स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा हुआ था. वहीं डौंडी थाना क्षेत्र के घोटिया गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. शराब के नशे में हुए मामूली विवाद के बाद एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी बेटे लिकेश कुमार गावड़े को गिरफ्तार कर लिया है.
विवाद के बाद मर्डर
डौंडी पुलिस और एडिशनल एसपी बालोद चंद्रकांत गवर्ना के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 9 बजे सुशीला बाई गावड़े उम्र करीब 50-55 साल शराब के नशे में थीं. इसी बात को लेकर उनका अपने बेटे लिकेश कुमार गावड़े से विवाद शुरू हो गया. बात बढ़ने पर लिकेश ने गुस्से में आकर पास रखे लकड़ी के पीढ़ा से मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से सुशीला बाई जमीन पर गिर पड़ीं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
कार्यक्रम खत्म होने के बाद गांव में हड़कंप
घटना के वक्त ग्रामीण स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में व्यस्त थे. प्रोग्राम खत्म होने पर दोपहर में लोगों को इस हत्या की जानकारी मिली. इसके बाद डौंडी थाना पुलिस को खबर किया गया.
पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी
खबर मिलते ही दोपहर करीब 2 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे लिकेश कुमार गावड़े को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है. देर होने की वजह से शव को फिलहाल डौंडी की मर्च्युरी में रखवाया गया. आज रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है. पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत जुटाए, मर्डर के पीछे की असल वजह का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.












