नवापारा के मुक्तिधाम में स्वतंत्रता दिवस पर फहराया तिरंगा, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, नेता प्रतिपक्ष संध्या राव रहीं मौजूद
रायपुर/नवापारा राजिम : रायपुर जिला के नवापारा के मुक्तिधाम परिसर में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रति वर्ष की भांति तिरंगा ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में आदर्श शासकीय नवीन प्राथमिक शाला, नवापारा के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविता एवं भाषण की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित नागरिकों एवं दर्शकों ने खूब सराहा. ध्वजा रोहण का कार्यक्रम वार्ड पार्षद श्रीमती संध्या राव, मायाराम साहू, राम बल्लभ, गोपाल यादव, संजय शर्मा और समिति सदस्यों के द्वारा किया गया.
इस मौके पर पार्षद श्रीमती संध्या राव ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के असंख्य अमर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है. उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नगरवासियों से आह्वान किया कि राष्ट्रीय पर्वों को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ मनाते हुए अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें.
उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है. तिरंगा हमारे लिए मात्र कपड़े का टुकड़ा नहीं। बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है. इसलिए राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान, गरिमा एवं उचित संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है.
कार्यक्रम का संचालन गोपाल यादव, प्रधान पाठक, आदर्श शासकीय नवीन प्राथमिक शाला, नवापारा ने किया. वहीं धन्यवाद ज्ञापन मुक्तिधाम समिति की ओर से विकास बंगानी ने किया. मुक्तिधाम समिति के भागचंद बंगानी, विकास बंगानी, जीवन सेन, स्वपन चौधरी, अतुल नाहर व अन्य सदस्यो की उपस्थिति रही.
विद्यालय से गोपाल यादव, बेणी राम साहू, श्रीमती कीर्ति बया, श्रीमती सविता साहू, मायाराम साहू, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था से पुष्पा दीदी,उद्यान मित्र मण्डल क़े सदस्य, मुक्तिधाम से ईश्वर निषाद, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याओं सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे. कार्यक्रम में देशभक्ति, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया.
2026-08-15











