कोरबा : कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोरबी (सिंधिया) के छिंदपारा-4 आंगनबाड़ी केंद्र में स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा उल्टा फहराने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है.
मिली जानकारी के मुताबिक 15 अगस्त को आंगनबाड़ी केंद्र में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम रखा गया था. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे. गांव के एक बुजुर्ग ने ध्वजारोहण किया. इस दौरान तिरंगा उल्टा लगा था. इसके बावजूद राष्ट्रगान हुआ और लोगों ने झंडे को सलामी भी दी.
जानकारी मिलते ही सही तरीके से दोबारा फहराया झंडा
किसी ने इस पूरे कार्यक्रम का वीडियो बना लिया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया. लोगों ने इसे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ी गंभीर लापरवाही बताया. जानकारी मिलने के बाद आंगनबाड़ी केंद्र के जिम्मेदार लोगों ने झंडा उतारकर उसे सही तरीके से दोबारा फहराया.
घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है. उनका कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर ध्वजारोहण में ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए. ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.
स्थानीय लोगों ने जिला कलेक्टर और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से भी मामले की जांच कराने की अपील की है. उनका कहना है कि सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने को लेकर नियम और दिशा-निर्देश तय है. इसके बावजूद ऐसी चूक गंभीर लापरवाही को दिखाती है.
2026-08-16











