मगरलोड : धमतरी जिला की मगरलोड पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने मृतक के नाम दर्ज करीब 4.5 एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर बेचने की कोशिश की और इसके लिए फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड एवं बैंक संबंधी दस्तावेज तैयार किए थे.
मिली जानकारी के मुताबिक गोबरा नवापारा निवासी सचिन बंगानी ने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम सांगा में मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम दर्ज कृषि भूमि को आरोपी ठाकुर राम साहू ने अपना बताते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार किया. जमीन को बेचने के नाम पर आरोपी ने प्रार्थी से अलग-अलग माध्यमों से नगद और चेक के जरिए करीब 40 लाख रुपये प्राप्त किया.
शिकायत के आधार पर मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 77/2026 के तहत धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
फर्जी दस्तावेज तैयार कर रचा षडयंत्र
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम से तैयार डीसीबी बैंक शाखा करी नयापारा के बैंक खाते से संबंधित ग्राहक आवेदन फार्म, संलग्न दस्तावेज और बैंक स्टेटमेंट की जांच की. पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अवैध लाभ हासिल करने के मकसद से मृतक के नाम पर फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेज तैयार किए थे.
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी ठाकुर राम साहू ने अपने सहयोगी जितेन्द्र साहू के साथ मिलकर आपराधिक षडयंत्र के तहत कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उनका उपयोग कर कृषि भूमि पर अपना अधिकार दर्शाते हुए उसे बेचने का प्रयास किया.
आरोपियों की निशानदेही पर फर्जी दस्तावेज सहित सामग्री बरामद
मगरलोड पुलिस ने आरोपियों के बयान के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में फर्जी ऋण पुस्तिका, फर्जी आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड, तीन चेक, दो रबर सील, लिखावट संबंधी डायरी और 5,200 रुपये नगद बरामद किए हैं. आरोपी ठाकुर राम साहू के लिखावट और दस्तखत के नमूने भी लिए गए हैं. जिन्हें आवश्यक परीक्षण और मिलान के लिए क्यूडी शाखा भेजा जाएगा.
दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
इस मामले में ग्राम सौंगा निवासी ठाकुर राम साहू उम्र 37 साल और ग्राम पोखरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद निवासी जितेन्द्र साहू उम्र 38 साल को मगरलोड पुलिस ने 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराने के बाद दोनों आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा आपराधिक षडयंत्रपूर्वक कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनका उपयोग कर धोखाधड़ी किए जाने के सबूत मिलने पर मामले में धारा 61(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है. मगरलोड पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है. फर्जी दस्तावेज तैयार करने, कूटरचना में मदद करने और पूरे षडयंत्र में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने नागरिकों से अपील किया है कि जमीन या अन्य संपत्ति की खरीद-बिक्री से पहले संबंधित दस्तावेजों और स्वामित्व की विधिवत जांच जरुर करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी फौरन पुलिस को दें.
आरोपी
ठाकुर राम साहू (37), निवासी ग्राम सांगा
जितेन्द्र साहू (38), निवासी ग्राम पोखरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद
2026-08-21











