नौकरी का झांसा देकर रकम लेने का मामला उजागर, पुलिस आरक्षक की नौकरी लगाने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से ठगी का एक मामला सामने आया है. यहां पुलिस आरक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर एक युवक के परिजन से 12 लाख रुपये ठग लिए गए. नौकरी नहीं लगने और पैसे वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की. मामले में उतई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. यह मामला उतई थाना क्षेत्र के सेलूद का है.
पुलिस आरक्षक की नौकरी लगाने का दिया था झांसा
मिली जानकारी के मुताबिक सेलूद निवासी गैंदलाल बंछोर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि जिला बेमेतरा के अतरिया निवासी आरोपी उमेश दास मानिकपुरी ने वर्ष 2023 में उसके बेटे विकास बंछोर को पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती कराने का झांसा दिया. आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर गैंदलाल से अलग-अलग किस्तों में कुल 12 लाख रुपये लिए. रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो युवक की नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस किए.
पैसे मांगने पर करता रहा गुमराह
जब पीड़ित ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी तो वह लगातार उसे गुमराह करता रहा. इसके बाद गैंदलाल ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 430/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने मिले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया.
इसके बाद थाना उतई की पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर उमेश दास मानिकपुरी और राजेश वर्मा दोनों को गिरफ्तार किया. आरोपियों से संबंधित बैंक खाता और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें अदालत के सामने पेश किया गया.
आरोपी
1. उमेश दास मानिकपुरी, उम्र उल्लेखित नहीं, निवासी ग्राम अतरिया, जिला बेमेतरा, छत्तीसगढ़
2. राजेश वर्मा, उम्र 57 साल निवासी पत्रकार कॉलोनी, रिंग रोड नंबर 02, नियर हरिभूमि प्रेस, वार्ड नंबर 19, मिनी बस्ती, सिविल लाइन, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
जप्त सामग्री
1. प्रकरण से संबंधित बैंक खाता
2. 1 मोबाइल फोन

Author