बिलासपुर/तखतपुर : बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में एक युवक को खराब समोसे की शिकायत करना महंगा पड़ गया. शिकायत पर भड़के होटल संचालक ने युवक की उसके परिवार के सामने ही पिटाई कर दी।इस घटना का पूरा नजारा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. तखतपुर थाना क्षेत्र में खराब समोसा परोसने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया.शिकायत करने पर सत्यम स्वीट्स के संचालक प्रकाश देवांगन ने होटल कर्मियों के साथ मिलकर युवक के साथ उसके परिवार के सामने मारपीट की.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम मरका निवासी दीपक कुमार जायसवाल मंगलवार शाम अपनी बहन, जीजा, भांजी और छोटे भाई के साथ बिलासपुर से गांव लौट रहे थे. रास्ते में परिवार तखतपुर बस स्टैंड स्थित सत्यम स्वीट्स में नाश्ता करने के लिए रुका था. इस दौरान दीपक का छोटा भाई और भांजी नाश्ता कर रहे थे. नाश्ते के दौरान समोसा खराब होने की शिकायत की.
इसके बाद दीपक ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन से इसकी शिकायत की. आरोप है कि शिकायत सुनकर संचालक नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा. दीपक ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया.
आरोप है कि इसके बाद होटल संचालक और होटल कर्मचारियों ने दीपक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी. विवाद होता देखकर दीपक की बहन मौके पर पहुंची और भाई को बचाने का प्रयास किया. इस दौरान उसके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता किए जाने का आरोप है. मारपीट में दीपक के गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं.
घटना के बाद पीड़ित ने तखतपुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन और उसके साथियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ली है. प्रकाश देवांगन भाजपा नेता और पूर्व पार्षद शिव देवांगन के बेटे बताए जा रहे हैं.
अब सवाल यह है कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले ग्राहक के साथ मारपीट करने का अधिकार आखिर होटल संचालक को किसने दिया? अब देखना होगा कि घटिया खाद्य पर जिले भर में कार्यवाही कर रही खाद्य विभाग की जांच टीम कब इस होटल में पहुंचकर खाद्य सामग्री की जांच करती है.
2026-08-26











