धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बीती रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई. जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर
पहला हादसा बोरई थाना क्षेत्र के घुटकेल गांव के पास हुआ. मिली जानकारी के मुताबिक दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
बताया जा रहा है कि मृतकों में रायगढ़ा, ओडिशा निवासी अभय सतनामी और बरमारू शामिल हैं. वे अपने रिश्तेदार के घर नगरी में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. कार्यक्रम के बाद तीन लोग एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान घुटकेल के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
इलाज के दौरान घायल ने तोड़ा दम
दूसरा हादसा सिहावा थाना क्षेत्र के मल्हारा गांव के पास हुआ. बताया जा रहा है कि सुमंत शांडिल्य किसी काम से थाना गया था. वापस लौटने के दौरान वह गांव के पास सड़क हादसे में घायल हालत में मिला. ग्रामीणों ने उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया. लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों हादसों की खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों मामलों में मर्ग कायम कर हादसों की वजह की जांच शुरू कर दी है. लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
2026-08-26











