रायपुर : उरला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई. महाकालेश्वर रोड स्थित मेटल पार्क रोड पर पीछे से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहिए की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के मुताबिक रावाभाठा निवासी करीब राजेश्वरी वर्मा उम्र 40 साल रॉयल कंपनी में काम करती थीं. बुधवार सुबह वह अपनी बेटी के साथ स्कूटी से कंपनी जाने के लिए निकली थीं. दोनों महाकालेश्वर रोड स्थित मेटल पार्क रोड से होकर गुजर रही थीं. तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी.
ट्रक की टक्कर से सड़क पर गिरी महिला
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी अनियंत्रित हो गई और राजेश्वरी सड़क पर गिर गईं. इसी दौरान वह ट्रक के पहिए की चपेट में आ गईं. गंभीर रूप से कुचल जाने की वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
हादसे की खबर मिलते ही उरला पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. फरार ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय ट्रक की गति कितनी थी और हादसा किन हालातमें हुआ.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक पीछे से ट्रक की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
2026-08-26











