रायपुर : राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में गुरुवार सुबह धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. इसकी खबर से इलाके में हड़कंप मच गया. पड़ाव स्थित थोक मार्केट के पास बने धार्मिक स्थल में साईं बाबा, भगवान हनुमान और भगवान शिव की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं. घटना सामने आने के बाद आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छैनी और हथौड़ा भी बरामद कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह धार्मिक स्थल पर लोगों की नजर क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं पर पड़ी. इसकी जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी. कुछ ही देर में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए. हालात को देखते हुए पुलिस ने फौरन मोर्चा संभाला. किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने. इसके लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी. प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति या लोगों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की गई. आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की गई. ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सके.
इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 298 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर आरोपी हेमंत अग्रवाल (निवासी: मेन बाजार के पास पड़ाव, गुढ़ियारी) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में स्तेमाल छैनी और हथौड़ा भी बरामद कर लिया है.
जांच में सामने आया कि रास्ते से आते-जाते समय आरोपी हेमंत अग्रवाल मंदिर को देखकर यह सोचकर चिढ़ रखता था कि भगवान उसका साथ नहीं दे रहे हैं और वह हमेशा बेरोजगार रहेगा. इसी झुंझलाहट में 27 अगस्त 2026 की रात करीब 3 बजे हेमंत अग्रवाल ने अपने घर से छैनी और हथौड़ा लाकर मंदिर परिसर की मूर्तियों को तोड़ दिया. इसके बाद सबूत छिपाने की नियत से वह औजारों को अपने घर ले जाकर छिपा दिया था.
आरोपी
हेमंत अग्रवाल पिता रामकुमार अग्रवाल, उम्र 42 साल निवासी: मेन बाजार के पास पड़ाव, गुढ़ियारी रायपुर छत्तीसगढ़
2026-08-27











