कुरूद सड़क हादसा: ट्रैक्टर को ओवरटेक करते ही डिवाइडर से भिड़ी तेज रफ्तार पिकअप, मची चीख-पुकार, 13 मजदूर घायल, चार महिलाएं धमतरी रेफर

Spread the love

धमतरी/कुरूद : खेतों में काम करने के लिए सुबह-सुबह घर से निकले मजदूरों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में उनका सफर अस्पताल तक पहुंच जाएगा. कुरूद सड़क हादसा कातलबोड़ के पास उस वक्त हुआ. जब ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश में मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर के बाद वाहन में चीख-पुकार मच गई. हादसे में 13 मजदूर घायल हो गए. जबकि चार महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं.
कुरूद सड़क हादसा: एक ओवरटेक और मच गई चीख-पुकार
मिली जानकारी के मुताबिक 1 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनीखुर्द से मजदूर खेती-काम के लिए पिकअप क्रमांक CG04 QG 4898 से आलेखुंटा जा रहे थे. कातलबोड़ के पास पहुंचने पर पिकअप चालक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया. इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप पुलिया के डिवाइडर से जा टकराई. अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों की मदद में जुट गए.
कातलबोड़ के पास कैसे हुआ सड़क हादसा?
बताया जा रहा है कि पिकअप में खेती-काम के लिए जा रहे मजदूर सवार थे. ओवरटेक के दौरान वाहन अनियंत्रित होने के बाद पुलिया के डिवाइडर से टकराया. हादसे में वाहन सवार कई लोगों को चोटें आईं.
घायलों में सिवनीखुर्द निवासी ज्योति कंवर, पूर्णिमा पटेल, कुंती पटेल और दिनेश्वरी को सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं. इनके अलावा जामुन साहू उम्र 30 साल, सोमनी पटेल उम्र 35 साल, रेवती ध्रुव उम्र 48 साल, अशोक कुमार, शेषनारायण साहू, परमानंद ध्रुव उम्र 40 साल, पुनुराम पटेल और पिकअप चालक हेमराज समेत अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं.
चार महिलाओं को गंभीर चोट, धमतरी रेफर
हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल कुरूद ले जाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए धमतरी रेफर किया गया. हादसे की खबर मिलते ही डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई. आरक्षक 279 रेखराम बंजारे और चालक मेघराज साहू ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.
हादसे के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार का माहौल बन गया. हादसे की खबर फैलते ही बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में स्थानीय लोगों ने भी मदद की.
पुलिस ने पिकअप कब्जे में लेकर शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसा ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान वाहन के अनियंत्रित होने से हुआ. पुलिस द्वारा पिकअप चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. कुरूद सड़क हादसे ने एक बार फिर ओवरटेक के दौरान बरती जाने वाली सावधानी पर सवाल खड़े किए हैं.

Author