सक्ती : सक्ती जिले के परसदाखुर्द गांव में तीन दिन से लापता 9वीं कक्षा के छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान कपिल कुमार केवट, पिता शौखी कुमार केवट के रूप में हुई है. इस मामले से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक सक्ती थाना क्षेत्र के परसदाखुर्द गांव में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे
गांव के ही एक खेत में गड्ढे में दफन छात्र का शव बरामद हुआ. खबर मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पूछताछ के बाद हत्या की वजह का खुलासा किया जाएगा. इस मामले से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.
परिजनों के मुताबिक 8 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे से छात्र लापता था. जिसकी खबर ग्राम सरपंच द्वारा सक्ती थाने में दी गई थी. आरोप है कि पुलिस की शुरुआती जांच में लापरवाही बरती गई.
पुलिस को शक है कि आरोपी छात्र को अपने साथ ले गया था. इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के बाद हत्या कर शव को खेत में दफना दिया गया. हालांकि दुष्कर्म की पुष्टि अभी नहीं हुई है. इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी.
मौके से जरुरी सबूत इकठ्ठा किए गए हैं. पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
2026-07-12











