प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष पर खेत विवाद में चाकू और रापा से हमला, दो आरोपियों पर केस दर्ज, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्यवाही की मांग, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

बिलासपुर/सीपत : सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम धनिया में खेत में कब्जे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. सीपत प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष एवं किसान कोमल पाटनवार पर कथित तौर पर चाकू और रापा से हमला कर दिया गया. हमले में उनके हाथ, पैर और पीठ पर चोटें आई हैं. घटना की शिकायत पर सीपत पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम धनिया निवासी पेशे से पत्रकार कोमल पाटनवार खेती-किसानी का काम करते हैं. उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वे पिछले तीन साल से लालजी पाटनवार की कृषि भूमि को अधिया पर जोत रहे हैं. उक्त जमीन को लेकर लालजी पाटनवार और गोपाल पाटनवार के बीच कब्जे का विवाद पहले से चल रहा है. शिकायत के मुताबिक 11 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे कोमल पाटनवार खेत देखने पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि गोपाल पाटनवार और माधो पाटनवार ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर लौट रहे थे.
इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि वे पिछले तीन साल से इस खेत की खेती कर रहे हैं और बिना अनुमति जुताई कैसे कर दी गई. आरोप है कि इस बात पर दोनों आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे. जब कोमल पाटनवार ने विरोध किया तो दोनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी.
शिकायत के मुताबिक माधो पाटनवार ने हाथ में रखे चाकू से हमला किया. जबकि गोपाल पाटनवार ने रापा से मारपीट की. हमले में कोमल पाटनवार के बाएं हाथ की पांचों उंगलियों, दाहिने पैर के पंजे तथा पीठ पर चोटें आईं. पीड़ित ने बताया कि घटना के फौरन बाद उन्होंने फोन पर लालजी पाटनवार को भी इसकी जानकारी दी.
सीपत थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी गोपाल प्रसाद पाटनवार और माधो पाटनवार के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3) तथा 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना के बाद पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों में भी नाराजगी देखी जा रही है. चूंकि घायल कोमल पाटनवार सीपत प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष हैं. इसलिए पत्रकारों ने आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि खेत के विवाद और हमले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. वही इस मामले में दूसरे पक्ष माधो पाटनवार ने भी शिकायत दर्ज कराई है. जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.

Author