चोरों के निशाने पर मंदिर, हाथों में भगवान का टैटू बनवाकर आस्था का दिखावा, 4 दिनों में 5 मंदिरों के टूटे ताले, 300 से ज्यादा CCTV खंगालने के बाद आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

कांकेर : हाथों में भगवान का टैटू बनवाकर आस्था का दिखावा करने वाला एक शातिर चोर मंदिरों को ही अपना निशाना बना रहा था. आखिरकार कांकेर पुलिस ने करीब 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद आरोपी को जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया.
शीतला माता मंदिर में चोरी का आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी हरेंद्र गुप्ता, निवासी जिला कोंडागांव बीते दिनों कांकेर शहर के शीतला माता मंदिर, बालाजी मंदिर, नंदीश्वर महादेव मंदिर, शनि मंदिर और शिव मंदिर में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है. शीतला माता मंदिर से चांदी के मुकुट, छत्र और नकदी सहित करीब 2 लाख 47 हजार रुपये के सामान की चोरी हुई थी. जबकि अन्य मंदिरों की दान पेटियों से भी नकदी पार कर दी गई थी.
चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और करीब 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की. इसी दौरान एक संदिग्ध की पहचान हुई, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ी और पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाबी रही. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आर्थिक लाभ के लिए मंदिरों में चोरी करता था. पुलिस से बचने के लिए उसने बेहद शातिर तरीका अपनाया था. वह मोबाइल फोन और बाइक का इस्तेमाल नहीं करता था. ताकि उसकी लोकेशन ट्रैक न हो सके.
आरोपी कोंडागांव से बस में सवार होकर कांकेर आता था. पहले उन मंदिरों की रेकी करता था. जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होते. इन्हीं मंदिरों को वह अपना सॉफ्ट टारगेट बनाता था. तड़के सुबह करीब 3 से 4 बजे चोरी की वारदात को अंजाम देकर फिर बस से वापस फरार हो जाता था.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने कांकेर के अलावा धमतरी और बस्तर जिले के मंदिरों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है. वह आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है.
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद जिले में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है. आम नागरिकों से घरों, मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई है. ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके.
आरोपी
हरेंद्र गुप्ता, निवासी जिला कोंडागांव छत्तीसगढ़

ऐसे हुई मंदिरों में चोरी की घटनाएं
पहली घटना गुरुवार को हुई, जहां रियासकालीन बड़ी शीतला माता मंदिर में चोरी को अंजाम दिया गया. इसका पता तब चला जब हर दिन की तरह पुजारी मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो अंदर का हाल देख होश उड़ गए. मंदिर का ताला टूटा था. उन्होंने देखा कि माता का चांदी का मुकुट, चांदी का छत्र और दान पेटी गायब थी. जब आसपास देखा तो तालाब के पास दानपेटी खाली पड़ी मिली. मंदिर से करीब 2 लाख 47 हजार की चोरी हुई थी.
इसी दिन दो अन्य मंदिरों शनि मंदिर और शिवमंदिर के भी ताले टूटे. पुलिस ने सूचना मिलने के बाद यहां की भी जांच शुरू कर दी.
दो और बड़े मंदिरों में हुई चोरी
कुछ दिन बीते नहीं थे कि रविवार की रात शहर के प्राचीन नंदीश्वर महादेव मंदिर और राजापारा स्थित प्राचीन बालाजी मंदिर में भी चोरी हो गई, यहां भक्त बड़ी संख्या में आते हैं. सुबह जब पुजारियों की मंदिर में चोरी की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी. यह सभी पांचों मंदिर कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित हैं.

Author