जांजगीर-चांपा : जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. धाराशिव गांव के खेत के पास एक ही पेड़ पर युवक और युवती के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले हैं. घटना की खबर मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पामगढ़ स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक युवक के शव में सड़न आ गई थी. जबकि युवती ने आज ही फांसी लगाई है. दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की आशंका जताई जा रही है.
चर्चा है कि युवक द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी किए जाने की जानकारी मिलने के बाद युवती ने भी उसी पेड़ पर फांसी लगा ली. हालांकि खुदकुशी की असल वजह और दोनों के बीच संबंध को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.
इस घटना के बाद धाराशिव गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है. ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. लोग मामले की पूरी सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. पुलिस का कहना है कि मामले में तथ्य और सबूतों के आधार पर ही निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पामगढ़ थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि युवक और युवती की मौत किन हालात में हुई और इसके पीछे असल वजह क्या थी.
2026-07-23











