कुरूद-विशाखापत्तनम मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, रेलिंग से टकराई अनियंत्रित बाइक, हेलमेट ने बचाया सिर, प्रधान पाठक की मौत, शिक्षा जगत में शोक की लहर

Spread the love

धमतरी/कुरूद : छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. कुरूद-विशाखापट्टनम मार्ग पर सोमवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रेलिंग से जा टकराई. हादसे में बाइक सवार प्रधान पाठक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में उनका सिर हेलमेट की वजह से सुरक्षित रहा. लेकिन शरीर के अंदरूनी हिस्सों में आई गंभीर चोटें जानलेवा साबित हुईं. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक कुरूद क्षेत्र के सारंगपुरी निवासी मृतक भुनेश्वर सिंह दिवाकर उम्र 50 साल अपनी बेटी से मुलाकात के बाद वे बाइक से वापस अपने घर लौट रहे रहे थे. इसी दौरान कुरूद थाना क्षेत्र में उनकी बाइक नम्बर CG05 AM 1600 अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
हादसे के बाद राहगीरों ने हादसे की खबर पुलिस को दी. हेलमेट पहने होने के कारण सिर पर गंभीर चोट नहीं आई, मगर शरीर के अंदरूनी अंगों को लगी चोटें घातक साबित हुईं. भुनेश्वर सिंह दिवाकर प्राथमिक शाला ठेनही में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ थे, उनके निधन की खबर मिलते ही शिक्षा जगत और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, सहकर्मियों और परिचितों ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख जताया है.
खबर मिलते ही कुरुद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए जांच की. जिसके दौरान उनकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर शिनाख्त की गई. इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसा किस वजह से हुआ. इसकी जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक बाइक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है.
शिक्षकों के सड़क हादसों में जान गंवाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. स्कूल आने-जाने या निजी कार्यों से यात्रा के दौरान शिक्षक सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं. ताजा हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, वाहन की गति और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Author